इंदौर में ट्रेनिंग, बॉर्डर पर धांय-धांय…जानिए कौन हैं 56 मर्दों के बीच अव्वल आने वाली BSF की पहली महिला स्नाइपर सुमन?
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले की रहने वाली सुमन कुमारी सेंट्रल स्कूल ऑफ वेपंस एंड टैक्टिक्स में आठ सप्ताह के कोर्स में शामिल हुई थीं। उस समय वह 56 मर्दों के बीच अकेली लड़की थीं। उन्होंने इस चुनौती के रूप में शानदार प्रदर्शन किया और बीएसएफ में पहली महिला स्नाइपर बनने की उपलब्धि हासिल की....

इंदौर: सामान्य कद-काठी की सुमन कुमारी जब इंदौर के सेंट्रल स्कूल ऑफ वेपंस एंड टैक्टिक्स में आठ सप्ताह के कोर्स में शामिल होने के लिए आई, तब वह 56 मर्दों के बीच अकेली लड़की थी। मर्दों की तरह शारीरिक बनावट और ताकत न सही, लेकिन उसके अंदर जज्बा था। कवि दुष्यंत कुमार कहते हैं ‘कौन कहता है आसमां में सूराख नहीं हो सकता, एक पत्थर तो तबियत से उछालो यारो।’
अपने कठिन परिश्रम, जोश, जुनून और जज्बे की वजह से जब कोर्स के आठ सप्ताह पूरे हुए तो 56 मर्दों के उस बैच की अकेली लड़की सबसे आगे खड़ी थी। सुमन कुमारी ने कठोर स्नाइपर कोर्स में ‘ट्रेनर ग्रेड’ हासिल किया। इसी के साथ वह बीएसएफ की पहली महिला स्नाइपर बन गईं। उन्होंने इस क्षेत्र में माइलस्टोन बना दिया है।
सुमन हिमाचल के मंडी जिले के एक साधारण परिवार से हैं। उनके पिता एक इलेक्ट्रीशियन के रूप में काम करते हैं। मां गृहिणी हैं। इस साधारण शुरुआत से लेकर बीएसएफ की पहली महिला स्नाइपर प्रशिक्षक बनने तक की उनकी जर्नी एक इन्सिपिरेशन है। उनकी उपलब्धि सेना और युद्ध भूमिकाओं में सेवा करने की इच्छुक युवा लड़कियों और महिलाओं के लिए आशा और प्रेरणा का काम करेगी।




