देश-विदेश

ऑस्ट्रेलिया से वोट डालने ग्वालियर पहुंचा तिवारी परिवार, समझाई एक वोट की कीमत…

ग्वालियर:लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर मतदाताओं में काफी उत्साह देखा जा रहा है। यही वजह है कि सात समुंदर पार 8 हजार 282 किलोमीटर दूर ऑस्ट्रेलिया से अपना वोट डालने के लिए तिवारी परिवार ग्वालियर आया है। ग्वालियर के बालाबाई क्षेत्र में रहने वाले अक्षत तिवारी अपनी पत्नी आकांक्षा पुरोहित के साथ ऑस्ट्रेलिया से ग्वालियर वोट डालने के लिए पहुंचे हैं।अक्षत तिवारी कल 7 मई को गोरखी स्कूल स्थित मतदान केंद्र पर अपने माता पिता के साथ वोट डालेंगे,अक्षत और उनकी पत्नी आकांक्षा का मानना है कि स्वस्थ लोकतंत्र के लिए वोट डालना बहुत जरूरी होता है। 2021 में जॉब के चलते ऑस्ट्रेलिया में शिफ्ट होने के बाद से वह भारत नहीं आए। विधानसभा चुनाव में भी वोट नहीं डाल पाए जिसका उन्हें बहुत दुख रहा। लेकिन लोकसभा चुनाव में वह वोट डालने के लिए विशेष रूप से ग्वालियर अपने घर पर आये है।

अक्षत तिवारी का कहना है कि बहुत से ऐसे मतदाता है जो अपने घर के पास 100 मीटर की दूरी पर बने मतदान केंद्र पर भी नहीं जाते हैं और फिर चुनी हुई सरकार पर आरोप प्रत्यारोप लगाते हैं। ऐसे में सभी को जागरूक होने की जरूरत है। सभी को वोट जरूर डालना चाहिए। अक्षत का यह भी कहना है कि दुनिया में भारत की उभरती हुई छवि और सनातन से प्रभावित होकर वे विशेष रूप से वोट की कीमत को समझते हैं और वोट डालने के लिए आए हैं।

ऑस्ट्रेलिया से आए ग्वालियर के मतदाता

अक्षत तिवारी की पत्नी आकांक्षा पुरोहित का कहना है कि भारत की जियो पॉलिटिकल इमेज आज दुनिया भर में अलग पहचान रखती है। कोरोना के दौर में भी भारत ने खुद को दुनिया के सामने सशक्त भारत के रूप में साबित किया है। आकांक्षा का यह भी कहना है कि देश के अंदर मौजूद सभी महिलाओं युवतियों को अपना वोट जरूर डालना चाहिए। वोट डालकर चुनी हुई सरकार देश को सशक्त बनाने में काम करती है।

आज आस्ट्रेलिया सहित देश दुनिया में भारत की अंतरराष्ट्रीय छवि के साथ ही अर्थव्यवस्था में हुई ग्रोथ अपना अलग वजूद बना चुकी है। ऐसे में उनका वोट परिवार का वोट और देशवासियों का वोट बहुत बहुमूल्य है। जिसका सभी को उपयोग करना चाहिए।गौरतलब है कि मध्य प्रदेश में बीते लोकसभा चुनाव 2019 के दौरान ग्वालियर चंबल अंचल की भिंड मुरैना ग्वालियर लोकसभा सीट पर औसत से भी कम मतदान दर्ज हुआ था। ऐसे में अक्षत तिवारी और उनके परिवार ने मतदाताओं को वोटर की जिम्मेदारी के प्रति जागरूक करते हुए एक अनूठा संदेश दिया है। जिसकी हर जगह तारीफ हो रही है।

 

Prakash Verma

संपादक, सुनवाई.इन

Related Articles

Back to top button