भाजपा का घोषणा पत्र मोदी की गारंटी और 2047 के विकसित भारत का संकल्प पत्र है: उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा….

रायपुर। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री/गृह मंत्री विजय शर्मा ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने धारा 370 को खत्म करके कश्मीर में भारत का संविधान लागू किया। आज देश के किसी भी कोने में बम के धमाकों की आवाज सुनाई नहीं पड़ रही है। पूर्वोत्तर के राज्यों में प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में अभूतपूर्व शांति कायम हुई है।
भाजपा के रविवार को जारी संकल्प पत्र की चर्चा करते हुए श्री शर्मा ने कहा कि यह मोदी की गारंटी है, 2047 के विकसित भारत का संकल्प पत्र है, छोटे व्यवसायियों के उत्थान की गारंटी है, आधारभूत संरचना के विस्तार का संकल्प पत्र है, जबकि कांग्रेस का घोषणा पत्र तुष्टीकरण की राजनीति का आईना है। आज प्रधानमंत्री श्री मोदी के सशक्त व सक्षम नेतृत्व में भारत की सामर्थ्य का डंका देश-दुनिया में बज रहा है। कांग्रेस की पिछली भूपेश सरकार पर हमलावर होते हुए श्री शर्मा ने कहा कि राजनांदगाँव के कांग्रेस प्रत्याशी भूपेश बघेल वही हैं जो अपने मुख्यमंत्री रहते प्रदेश के 18 लाख गरीबों का आवास रोका था। भाजपा की सरकार बनते ही मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पहली कैबिनेट में इन आवासों को स्वीकृति देकर मोदी की गारंटी पूरी की। प्रदेश की भाजपा सरकार ने महतारी वंदन योजना की दो किश्तें महिलाओं के खाते में जमा कराई, किसानों को दो साल का बकाया बोनस भुगतान किया और प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से खरीदकर उसका एकमुश्त भुगतान किया।




