छत्तीसगढ़

कलयुगी दादा ने 5 साल की पोती को उतारा मौत के घाट…

Chhattisgarh   जशपुरनगर :- छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के कुनकुरी थाना अंतर्गत बेटे द्वारा अंतरजातीय विवाह किए जाने से नाराज दादा ने पांच साल की मासूम पोती को डेम के पानी में डूबा कर हत्या कर दी। जिले के कुनकुरी थाना क्षेत्र के कदमकछार में डेम में मिली लाश के मामले को सुलझाते हुए पुलिस ने हत्या के आरोपित दादा रंथू राम को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।

यह पूरी मामला कुनकुरी थाना क्षेत्र के ग्राम कदमकछार की है। कुनकुरी थाना प्रभारी मल्लिका तिवारी ने बताया कि प्रार्थी सुरेशम ने 2016 में अंतरजातीय विवाह किया था। इससे उसका पिता आरोपित रंथू राम (55) उससे नाराज रहता था और आए दिन उससे झगड़ा किया करता था। इससे परेशान होकर वह अपनी पत्नी और बच्चों को लेकर मुंबई (महाराष्ट्र) चला गया। प्रार्थी के अनुसार उसकी बेटी मृतिका आरूषी (5) का मुंबई के स्कूल में एडमिशन करवाने के लिए आवश्यक दस्तावेज बनवाने के उद्देश्य से सुरेश परिवार सहित 13 मार्च को कदमकछार आया और पिता के घर में रूका था।

फिलहाल, उसके पिता आरोपित रंथू राम उसे घर से निकालने के लिए फिर से झगड़ा करने लगा। 26 मार्च को रंथू राम ने झगड़ा करते हुए सुरेश की डंडे से पिटाई की थी,जिससे उसके आंख में चोट लगी थी। झगड़े से बचने के लिए सुरेश अपने एक मित्र के घर दुलदुला चला गया। 28 मार्च की सुबह सुरेश की बड़ी बेटी आरूषी का शव गांव के स्टापडेम में तैरता हुआ मिला। सूचना पर कुनकुरी पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। मर्ग कायम कर पुलिस जांच में जुटी हुई थी। एसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर पूरे घटनाक्रम में आरोपित रंथू राम की संदिग्ध भूमिका और उसके बयानों में विरोधाभास के आधार पर जब पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ किया तो आरोपित ने मासूम आरूषि की हत्या का अपराध स्वीकार कर लिया।

दरअसल, आरोपित ने बताया कि घटना दिनांक की सुबह लगभग 8 बजे आरूषी स्टाप डेम में ब्रश कर रही थी। उसे मालूम था कि आरूषी को तैरना नहीं आता है। बेटे के अंतरजातीय विवाह से नाराज दादा ने हत्या के इरादे से मासूम आरूषी को धक्का देकर डेम में गिरा दिया। तैर नहीं पाने के कारण उसकी डूब कर मृत्यु हो गई। घटना को अंजाम देकर आरोपित दादा रंथू राम चुपचाप घर लौट आया। थाना प्रभारी मल्लिका तिवारी ने बताया कि मामले में आरोपित रंथू राम के विरूद्व धारा 302 के अंर्तगत अपराध दर्ज करते हुए गिरफ्तार कर लिया है।

Prakash Verma

संपादक, सुनवाई.इन

Related Articles

Back to top button