कबीरधाम विशेष
नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने का जिला पुलिस कबीरधाम का सराहनीय प्रयास…

कवर्धा: कबीरधाम जिला पुलिस द्वारा नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में शिक्षा से वंचित और पढ़ाई छोड़ चुके बच्चों को एक नई दिशा देने के प्रयास निरंतर जारी हैं। पुलिस अधीक्षक श्री राजेश अग्रवाल (आईपीएस) के नेतृत्व में विशेष अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत इन बच्चों को शिक्षा के मुख्यधारा से जोड़ा जा रहा है। 2024 के दूसरे सत्र में लगभग 250 विद्यार्थियों ने ओपन परीक्षा के फॉर्म भरे हैं, जो नक्सल प्रभावित क्षेत्रों से आते हैं। इन परीक्षार्थियों के लिए परीक्षा में आने-जाने और अन्य व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी जिला पुलिस ने स्वयं उठाई है, ताकि वे बिना किसी कठिनाई के अपनी पढ़ाई जारी रख सकें।
पुलिस अधीक्षक श्री राजेश अग्रवाल ने खुद ओपन परीक्षा दिला रहे इन विद्यार्थियों से मुलाकात की और उन्हें मार्गदर्शन दिया। उन्होंने कहा, “सफलता का रास्ता मेहनत और सही दिशा में किए गए प्रयासों से खुलता है। जो विद्यार्थी पूरी लगन और ईमानदारी से तैयारी करते हैं, वे जरूर सफल होते हैं।” श्री अग्रवाल ने विद्यार्थियों को बताया कि केवल रटने से सफलता नहीं मिलती, बल्कि किसी भी विषय को समझकर पढ़ने से वह लंबे समय तक याद रहता है। उन्होंने यह भी जोर देकर कहा कि परीक्षा के दौरान घबराहट होना स्वाभाविक है, लेकिन उस घबराहट को अपने प्रदर्शन पर हावी न होने दें।
इस प्रयास के तहत जिला पुलिस कबीरधाम ने न केवल इन विद्यार्थियों के लिए ओपन परीक्षा फॉर्म भरवाने में मदद की है, बल्कि उनके सफल भविष्य के लिए आवश्यक मार्गदर्शन और सुविधाएं भी प्रदान की हैं। यह जिला पुलिस की सराहनीय पहल है, जो यह सुनिश्चित कर रही है कि नक्सल प्रभावित क्षेत्र के बच्चे शिक्षा से वंचित न रहें और उनका भविष्य उज्जवल हो। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि इन बच्चों को न केवल ओपन परीक्षा में सफल होने में मदद मिल रही है, बल्कि उनके आत्मविश्वास में भी वृद्धि हो रही है, जो आगे चलकर उनके जीवन को नई दिशा देगी।




