छत्तीसगढ़

महतारी वंदन योजना : 2 लाख 55 हजार 341 महिलाओं के खाते में पहली किश्त का अंतरण 10 मार्च को…

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा महतारी वंदन सम्मेलन से वर्चुअल जुड़कर महिलाओं को सम्बोधित करेंगे....

कबीरधाम :– अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर में 10 मार्च को प्रदेश की राजधानी रायपुर के साथ सभी जिला मुख्यालय, ब्लॉक मुख्यालय, नगरीय निकाय क्षेत्रों में महतारी वंदन सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी नई दिल्ली से प्रदेश की माताओं को वर्चुअल रूप से कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। इसके अलावा मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा जिला मुख्यालय, ब्लॉक मुख्यालय एवं नगरीय निकायों में आयोजित कार्यक्रमों से सीधे वर्चुअल जुड़कर लोगों को संबोधित करेंगे और हितग्राहियों से सीधा संवाद करेंगे। प्रधानमंत्री की विशेष उपस्थिति में महतारी वंदन योजना के तहत प्रदेश की 70 लाख से अधिक महिलाओं के साथ-साथ कबीरधाम जिले के 2 लाख 55 हजार 341 महिलाओं के खाते में डी.बी.टी. के माध्यम से पहली किश्त का अंतरण किया जाएगा। इससे प्रत्येक माह महिलाओं के खाते में एक हजार रूपये आएंगे। कलेक्टर श्री जनमेजय महोबे ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए निर्देश दिए हैं।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी दोपहर 2 बजे वर्चुअल माध्यम से प्रदेश की महिलाओं को संबोधित करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी संबोधित करेंगे साथ ही उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा वीडियो कांफ्रेसिंग के माध्यम से कवर्धा के ऑडिटोरियम में आयोजित सम्मेलन को संबोधित करेंगे। पांडातराई के हाईस्कूल में आयोजित महतारी वंदन कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में भावना बोहरा शामिल होगी। जिला स्तर के ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष सुशील रामकुमार भट्ट, जनपद अध्यक्ष इंद्राणी चंद्रवंशी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया है। इसी प्रकार जिले में सात अलग-अलग जगह में आयोजित इस कार्यक्रम में संबंधित जनपद अध्यक्ष सहित स्थानीय जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया है।

महिला एवं बाल विकास विभाग के कार्यक्रम अधिकारी आनंद तिवारी ने बताया कि पीजी कॉलेज ऑडिटोरियम में दोपहर 12 बजे से जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित होगा। वही सभी परियोजना में भी कार्यक्रम का आयोजन होगा। उन्होंने बताया की पांडातराई परियोजना अंतर्गत हाईस्कूल में, बोड़ला परियोजना अंतर्गत मंगल भवन में, लोहारा परियोजना अंतर्गत जनपद सामुदायिक भवन में, पंडरिया परियोजना अंतर्गत जनपद कार्यालय भवन में, पिपरिया परियोजना अंतर्गत नगर पंचायत भवन में और इंदौरी परियोजना अंतर्गत नगर पंचायत भवन में कार्यक्रम आयोजित होगा।

Prakash Verma

संपादक, सुनवाई.इन

Related Articles

Back to top button