

कवर्धा – छग टीचर्स एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने जिलाध्यक्ष रमेश कुमार चन्द्रवंशी के नेतृत्व में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी के नाम ज्ञापन सौंपकर विधानसभा निर्वाचन-2023 हेतु मतदान दल गठन व चुनाव प्रशिक्षण के संबंध में महत्वपूर्ण सुझाव व मांग रखा है. सुझाव व मांग में प्रमुख रूप से दिव्यांग, गंभीर बिमारी से पीड़ित, 60 साल से अधिक उम्र, दो वर्ष से कम आयु के बच्चे वाली महिला एवं गर्भवती महिला शिक्षकों, कर्मचारियों व अधिकारियों को मतदान दल से मुक्त रखा जावे. महिला शिक्षकों व कर्मचारियों की ड्यूटी यथासंभव कार्यस्थल से आसपास के मतदान केंद्र में लगाया जावे. मतदान दल के अधिकारियों को सामान्यतः तीन चरणों में प्रशिक्षण दिया जाता है, जिसमें प्रथम दो चरण के प्रशिक्षण के बाद तीसरे चरण के प्रशिक्षण में मतदान दल का परिचय कराया जाता है. सभी कर्मचारियों का प्रशिक्षण जिला मुख्यालय में कराए जाने से कर्मचारियों-अधिकारियों को दूरदराज से आना-जाना पड़ता है. वर्तमान में पंडरिया से पोंडी तक मार्ग अत्यंत खराब है. अतः प्रथम दो चरण का प्रशिक्षण सभी ब्लॉक मुख्यालय में एवं तीसरे चरण का प्रशिक्षण जिला मुख्यालय में कराया जावे. जिला निर्वाचन कार्यालय द्वारा घोषित कार्यक्रम के अनुसार आगामी 25 सितंबर से 1 अक्टूबर तक मतदान दल का प्रशिक्षण रखा गया है. इस अवधि में 28 सितंबर को अनंत चतुर्दशी व ईद-ए-मिलाद का पर्व है. अतः इस पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए 28 सितंबर के प्रशिक्षण को संशोधित किया जावे. ज्ञापन देने के दौरान प्रमुख रूप से एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष रमेश कुमार चन्द्रवंशी, राजेश तिवारी, उमेश चन्द्रवंशी, गोकुल जायसवाल, जयप्रकाश चन्द्रवंशी, देवन धुर्वे, नरेंद्र चंद्रोल आदि उपस्थित रहे।




