अपना जिलाकवर्धा

18 जुलाई को प्रदेश के सभी शाला के शिक्षक रहेंगे हड़ताल पर, सभी जिला व ब्लॉक में हड़ताल की दी गई सूचना

 

कवर्धा – एक सूत्रीय मांग पूर्व सेवा की गणना कर सही वेतन निर्धारण करते हुए सहायक शिक्षकों की वेतन विसंगति दूर कर, क्रमोन्नत वेतनमान प्रदान व पुरानी पेंशन प्रदान करने एवं कुल 20 वर्ष की सेवा पर पूर्ण पुरानी पेंशन देने को लेकर छग शिक्षक संघर्ष मोर्चा के बैनर तले 18 जुलाई को रायपुर में एल. बी. संवर्ग के शिक्षक जंगी प्रदर्शन की तैयारी कर रहे हैं. इसके लिए सभी जिला में शिक्षक मोर्चा के पदाधिकारी हड़ताल की सूचना दे चुके हैं. मोर्चा के जिला संचालक रमेश चन्द्रवंशी, प्रेमनारायण शर्मा, शिवेन्द्र चन्द्रवंशी एवं के. दी. वैष्णव ने बताया कि शिक्षक संवर्ग की मांगों को लगातार शासन प्रशासन को बताया गया, चर्चा किया गया, ज्ञापन दिया गया, धरना, आंदोलन व प्रदर्शन भी किया गया, परन्तु कोई भी निर्णय नही लिया गया, जिससे शिक्षकों में भारी नाराजगी है. मोर्चा के ब्लॉक संचालकों ने कहा है कि
जनघोषणा पत्र में शिक्षको की क्रमोन्नति, पुरानी पेंशन, वेतन विसगति, पदोन्नति जैसे बड़े विषय को शामिल किया गया है, किन्तु अब तक निर्णय नही लिया गया है. शिक्षक संवर्ग का संविलियन किया गया है, परंतु पूर्व सेवा की गणना नहीं करने से अपेक्षित लाभ नहीं मिल रहा है. शिक्षकों से किये गए वादे पूरे नहीं किये गए हैं, जिससे एल. बी. संवर्ग के शिक्षकों में भारी आक्रोश व्याप्त है.

शिक्षक एल बी संवर्ग में क्यों है आक्रोश

संविलियन के बाद प्रथम नियुक्ति तिथि से सेवा की गणना नही किया गया. सहायक शिक्षकों के वेतन विसंगति को दूर नही किया गया. वेतन निर्धारण की विसंगतियों को दूर नही किया गया. जनघोषणा पत्र में किए वादा के बाद भी क्रमोन्नत वेतनमान नही दिया गया. पुरानी पेंशन का लाभ प्रथम नियुक्ति तिथि से नही दिया गया. केंद्र सरकार की तरह 20 वर्ष की सेवा में पूर्ण पेंशन का लाभ नही दिया गया.

राजधानी रायपुर में जंगी प्रदर्शन में शामिल होंगे हजारों शिक्षक 

18 जुलाई को राजधानी रायपुर में जंगी प्रदर्शन की तैयारी के लिए सभी जिला व ब्लाक में मोर्चा के पदाधिकारी बैठक ले रहे हैं, एल. बी. संवर्ग के शिक्षक धरना व रैली में शामिल होने एकजुट हो रहे हैं. सभी शाला के शिक्षक सामूहिक हड़ताल मे रहने आवेदन पत्र दे रहे हैं. मांगो को लेकर सरकार की हठधर्मिता के चलते एल. बी. संवर्ग के शिक्षकों में काफी आक्रोश है. सभी शिक्षक 18 जुलाई को रायपुर जाने का मन बना चुके हैं. अभी से ही रायपुर जाने की व्यवस्था कर रहे हैं.

*प्रमुख संघ है शामिल

प्रदेश में शिक्षक एल बी. संवर्ग जिनकी संख्या लगभग एक लाख 80 हजार से ज्यादा है, जिनमें छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन प्रांताध्यक्ष संजय शर्मा, छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक फेडरेशन प्रांताध्यक्ष मनीष मिश्रा, शालेय शिक्षक संघ प्रांताध्यक्ष वीरेंद्र दुबे, नवीन शिक्षक संघ प्रांताध्यक्ष विकास राजपूत, छत्तीसगढ़ प्रदेश संयुक्त शिक्षक संघ प्रांताध्यक्ष केदार जैन की 05 जुलाई 2023 को राजधानी रायपुर में एकता बैठक की गयी, जिसमें एलबी संवर्ग के शिक्षकों के भावना और हितों को सर्वोपरि मानते हुए तथा सरकार द्वारा शिक्षकों के मांगो पर ध्यान नहीं देने के कारण शासन के विरोध में एकजुट होकर आंदोलन करने का निर्णय लिया गया, बैठक में सभी संघों द्वारा सर्वसम्मति से “छत्तीसगढ़ शिक्षक संघर्ष मोर्चा” का गठन किया गया है.

आगे है अनिश्चितकालीन हड़ताल

मांगो की पूर्ति न होने की दशा में 31 जुलाई 2023 से सभी विकासखंड और जिला मुख्यालय में अनिश्चितकालीन आंदोलन का आगाज किया जाएगा।

Prakash Verma

संपादक, सुनवाई.इन

Related Articles

Back to top button