गालूडीह: झारखंड के एक परिवार में रक्षाबंधन से एक दिन पहले मातम पसर गया। घर के इकलौते बेटे की तड़प-तड़प कर मौत हो गई। दरअसल, नाबालिग लड़का बिस्तर पर लेटे-लेटे रसगुल्ला खाने लगा। उस दौरान वह मोबाइल में गेम भी खेल रहा था। अचानक रसगुल्ला गले में अटक गया। लड़का छटपटाने लगा। कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई। यह पूर्वी सिंहभूम के गालूडीह के पाटमहुलिया गांव की घटना है। जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान अमित सिंह के रूप में हुई है। वह 17 साल का था। पाटमहुलिया के सुजीत सिंह का पुत्र अमित घर में लेटकर मोबाइल पर गेम खेल रहा था। इसी दौरान तीन महीने बाद बाहर से काम कर घर लौटे उसके चाचा रोहिणी सिंह रसगुल्ला लेकर आए। अमित लेटे-लेटे रसगुल्ला खाने लगा। खाने के दौरान रसगुल्ला गले में अटक गया और अमित छटपटाने लगा। चाचा के बहुत कोशिश करने पर भी रसगुल्ले को बाहर नहीं निकाला जा सका। इसके बाद उसे उल्टी हुई और परिजन उसे लेकर अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।