भोरमदेव और बालाघाट जिले के कान्हा से लगे जंगल में सर्चिग के दौरान नक्सलियों से सोमवार रात हुई मुठभेड़…….दो इनामी नक्सलियों को पुलिस ने किया ढेर…

कबीरधाम जिले के भोरमदेव और बालाघाट जिले के कान्हा से लगे जंगल में सर्चिग के दौरान नक्सलियों से सोमवार रात हुई मुठभेड़ में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। मुठभेड़ में दो इनामी नक्सलियों को पुलिस ने ढेर किया है। साथ ही उनके पास से बीजीएल सेल, एके-47 और 12 बोर की राइफल भी बरामद की गई। आपको बता दे कि 20 से 25 नक्सलियों से मुठभेड़ हुई थी। बालाघाट भोरमदेव कान्हा के जंगलों में सर्चिग अभियान अब भी जारी है।
साथ ही कान्हा भोरमदेव बालाघाट के नक्सल इतिहास में पहली बार नक्सलियों के पास से बीजीएल सेल बरामद किए गए हैं। (बीजीएल) ग्रेनेड लांचर के कारतूस पहली बार जब्त किया गया है। नक्सलियों से बरामद हथियारों की जांच होगी कि इतने हाईटेक हथियार उनके पास कहां से आए? यह हथियार अब तक छत्तीसगढ़ से नक्सलियों के पास मिल चुके हैं। मारे गए नक्सलियों के पास से 1 एके-47 और 12 बोर के राइफल भी बरामद की गई है। मुठभेड़ में ढेर महिला नक्सली पर 43 लाख रुपये का इनाम था। मारी गई महिला नक्सली कान्हा भोरमदेव डिवीजन के विस्तार प्लाटून 2 की डिवीजनल कमेटी के सदस्य थी। दूसरा नक्सली मलाजखंड एरिया कमेटी का सदस्य था। मुठभेड़ में ढेर दोनों नक्सली मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र में कई नक्सली वारदातों को अंजाम दे चुके हैं।
उल्लेखनीय है कि लांजी थाना क्षेत्र के पितकोना जंगल में यह मुठभेड़ हुई है। वहीं, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पुलिस और हॉक फोर्स को दी बधाई है। मुख्यमंत्री ने बधाई देते हुए कहा कि जवानों की मुस्तैदी से पुलिस की अलग साख बनी है। इन जवानों पर मध्यप्रदेश सरकार को गर्व है। उन्होंने कहा हम नक्सलाइट मूवमेंट को कभी भी पनपने नहीं देंगे।
सुरक्षाबलों ने 2 दिनों के भीतर 12 नक्सलियों को किया ढेर
गौरतलब है कि बीते दो दिनों के भीतर सुरक्षाबलों ने दो अलग-अलग मुठभेड़ों में 12 नक्सलियों को मार गिराया है. मंगलवार की सुबह भी छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में मुठभेड़ के दौरान सुरक्षाबलों ने एक महिला समेत 10 नक्सलियों को ढेर किया है. बीजापुर पुलिस ने बताया कि मुठभेड़ जिले के गंगालूर थाना क्षेत्र के अंतर्गत लेंड्रा गांव के जंगल में हुई. सुरक्षाबलों ने जवाबी कार्रवाई में एक महिला नक्सली समेत 10 नक्सलियों को मार गिराया. गंगालूर थाना क्षेत्र में नक्सली गतिविधि की सूचना मिलने के बाद सोमवार को सुरक्षाबलों को नक्सल विरोधी अभियान में रवाना किया गया था. दल में डीआरजी, एसटीएफ और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के कोबरा बटालियन के जवान शामिल थे.
27 मार्च को 6 नक्सली किए थे ढेर
इससे पहले सुरक्षाबलों ने 27 मार्च को बीजापुर के बासागुड़ा इलाके में मुठभेड़ में छह नक्सलियों को मार गिराया था. इस घटना के साथ, इस वर्ष अब तक बीजापुर जिले सहित बस्तर क्षेत्र में सुरक्षा बलों के साथ अलग-अलग मुठभेड़ों में 43 नक्सली मारे गए हैं. बीजापुर जिला बस्तर लोकसभा क्षेत्र में आता है जहां 19 अप्रैल को आम चुनाव के पहले चरण में मतदान होगा.
सुबह 6 बजे नक्सलियों ने जवानों पर शुरू की थी गोलीबारी
बीजापुर पुलिस ने बताया कि दल जब लेंड्रा गांव के जंगल में था, तभी मंगलवार सुबह छह बजे नक्सलियों ने जवानों पर गोलीबारी शुरू कर दी. इसके बाद जवानों ने भी जवाबी कार्रवाई की. कुछ देर तक दोनों ओर से गोलीबारी के बाद नक्सली वहां से भाग गए. बाद में जब घटनास्थल की तलाशी के दौरान वहां नौ नक्सलियों के शव, एक एलएमजी, एक 303 राइफल, एक 12 बोर की बंदूक, बड़ी संख्या में बीजीएल लांचर और अन्य हथियार तथा विस्फोटक पदार्थ बरामद किए गए. मुठभेड़ में कई नक्सलियों के घायल होने की संभावना है.




